उत्तराखंड सरकारी स्कूल के 10वीं-12वीं के छात्रों को टैबलेट खरीदने के लिए मिलेगा सीधा पैसा, सीएम धामी का एलान

By
admin
2 Min Read
Join Our Telegram Channel Join Now

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को घोषणा की कि राजकीय विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा 10वीं और 12वीं के छात्रों को टैबलेट खरीदने के लिए सीधे उनके बैंक खातों में धनराशि दी जाएगी। यह राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण यानी डीबीटी के जरिए भेजी जाएगी ।

मुख्यमंत्री ने यह घोषणा देहरादून में आयोजित ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम के दौरान की। इस कार्यक्रम में राज्य भर से चुने गए 140 छात्रों ने हिस्सा लिया ।

छात्रों से बातचीत के दौरान हरिद्वार की छात्रा लवप्रीत कौर ने ऑनलाइन पढ़ाई का जिक्र करते हुए कहा कि कई परिवारों की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं है कि वे लैपटॉप, फोन या टैबलेट खरीद सकें। इस पर मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता दिखाते हुए मौके पर ही 10वीं और 12वीं के छात्रों को टैबलेट के लिए धनराशि उनके खातों में देने की घोषणा कर दी ।

सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा प्रणाली को आधुनिक बनाने और छात्रों को भविष्य की जरूरतों के हिसाब से तकनीक से लैस करने पर काम कर रही है। इस पहल का मकसद सरकारी स्कूलों के छात्रों तक डिजिटल लर्निंग टूल्स की पहुंच बढ़ाना है ।

उन्होंने छात्रों को ‘इन-जी’ यानी इंडियन जेनरेशन कहकर संबोधित किया और राज्य के मुद्दों पर उनकी गहरी समझ की तारीफ की। मुख्यमंत्री ने कहा कि नई तकनीक और ज्ञान के अवसर युवाओं तक आसानी से पहुंच सकें, यह सरकार की प्राथमिकता है ।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को राज्य के विकास पर चर्चा में शामिल करना और उन्हें नीति और शासन पर अपनी राय रखने का मंच देना था ।

Share This Article